300 करोड़ कमाने वाली 12वीं हिंदी फिल्म बनी गदर-2

 300 करोड़ कमाने वाली 12वीं हिंदी फिल्म बनी गदर-2

निमाड प्रहरी 9977766399

मुंबई । गदर-2 ने 300 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। फिल्म ने यह कारनामा रिलीज के आठवें दिन ही कर दिया है। शुक्रवार को फिल्म ने 19.5 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। इस तरह फिल्म का टोटल कलेक्शन 304.13 करोड़ रुपए हो गया है।


300 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली गदर-2 सेकेंड फास्टेस्ट हिंदी फिल्म है। इसने 300 करोड़ का आंकड़ा छूने के लिए सिर्फ 8 दिन का समय लिया। इसके आगे बस शाहरुख खान की फिल्म पठान है। पठान ने 6 दिन में 300 करोड़ रुपए कमा लिए थे।

हिंदी फिल्म इतिहास में अभी सिर्फ 11 फिल्में ही 300 करोड़ रुपए कमाने में कामयाब रही हैं। गदर-2 ऐसा करने वाली 12वीं फिल्म बनी है। इस लिस्ट में 543.05 करोड़ के साथ पठान पहले नंबर पर है। दूसरे और तीसरे नंबर पर बाहुबली-2 और KGF-2 के हिंदी वर्जन हैं।

गदर-2 जिस हिसाब से कमाई कर रही है, पूरी संभावना है कि फिल्म इस लिस्ट में टॉप-3 तक आ सकती है। सोशल मीडिया पर कुछ एक्सपर्ट्स अनुमान लगा रहे हैं कि गदर-2, पठान के रिकॉर्ड तक भी पहुंच सकती है। ऐसा मुश्किल तो है लेकिन नामुमकिन नहीं। खास बात यह है कि पठान सोलो रिलीज हुई थी। इसके अलावा उसका स्क्रीन काउंट भी गदर-2 से ज्यादा था। इसके बावजूद अगर गदर-2, पठान के कलेक्शन के नजदीक भी पहुंचती है, तो यह अपने आप में ऐतिहासिक होगा।

300 करोड़ कमाने वाली हिंदी फिल्में

पठान- 543.05 करोड़

बाहुबली-2- 510.99 करोड़

केजीएफ-2- 434.70 करोड़

दंगल- 387.38 करोड़

संजू- 342.53 करोड़

पीके- 340.8 करोड़

टाइगर जिंदा है- 339.16 करोड़

बजरंगी भाईजान- 320.34 करोड़

वॉर- 317.91 करोड़

पद्मावत- 302.15 करोड़

सुल्तान- 300.45 करोड़

गदर-2-304.13 करोड़*

गदर-2 विदेशों में भी अच्छी कमाई कर रही है। इंडस्ट्री ट्रैकर sacnilk के मुताबिक, फिल्म ने वर्ल्डवाइड 369 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, अमेरिका और UK जैसे देशों में फिल्म अच्छी कमाई कर रही है।